CG CRIME: आधी रात गैंगवार, युवक को बोलेरो से रौंदा; दूसरे को किडनैप कर तोड़ी हाथ-पैरों की हड्डियां

कोरबा। जिले में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात बदमाशों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया। पहले यातायात विभाग में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को बोलेरो से कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद पीछा कर रहे एक युवक का कथित अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सड़क विवाद के बाद युवक को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची। सड़क खाली होने के बावजूद वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान कार से बाहर निकले चंद्रमणि रात्रे को बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार वाहन से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीछा करने निकले युवक का कथित अपहरण

घटना के बाद अरविंद राठौर और उसका साथी साहिल निर्मलकर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने निकले। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी मार्ग से होते हुए जब वे बलगी मोड़ पहुंचे, तब बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद 20 से 25 युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने अरविंद को स्कूटी से खींचकर जबरन अपने साथ ले लिया, जबकि साहिल किसी तरह वहां से बचकर लौट आया।

लाठी-डंडों से पिटाई, फायरिंग और लूट का आरोप

पीड़ित अरविंद के मुताबिक उसे बलगी क्षेत्र में ले जाकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया। हमले में उसके दोनों पैरों और एक हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। अरविंद ने आरोप लगाया कि एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग की। साथ ही बदमाश उसके पास मौजूद करीब एक लाख रुपये नकद, आइफोन, सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी, मुख्य आरोपित फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित अन्य अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस ने बुधवारी बायपास से बलगी मोड़ तक जांच की। प्रारंभिक जांच में कठिनार निवासी नीरज साहू का नाम सामने आया है। पुलिस ने पांच आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपित नीरज साहू अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार नीरज साहू पर पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर कबाड़ और डीजल के अवैध कारोबार से जुड़े होने के आरोप भी हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!