डिजिटल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास हुए एक धमाके में भारतीय सेना के दो जवान बलिदान हो गए। यह घटना मंगलवार देर शाम उरी के कमलकोट क्षेत्र में हुई, जहां अचानक हुए विस्फोट में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल जवानों को तत्काल इलाज के लिए श्रीनगर के बादामीबाग स्थित 92 बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
बलिदानी जवानों की पहचान महाराष्ट्र के ऐरोली निवासी चव्हाण विक्रम बालकृष्ण और महाराष्ट्र के सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर निवासी अर्जुन जाधव राजेंद्र के रूप में हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां कर रही क्षेत्र की जांच
घटना के बाद सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जवानों के बलिदान की खबर से उनके परिवारों और गृह राज्यों में शोक की लहर दौड़ गई है। सेना ने दोनों वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।


