CG Weather Update :मानसून की एंट्री से पहले झमाझम बारिश, 5 डिग्री गिरा तापमान, आज भी बारिश-आंधी का अलर्ट

रायपुर. दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ की दहलीज तक पहुंच चुका है. जल्द ही यह दस्तक देगा. इसके पहले रायपुर समेत कई इलाकों में गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश और बादल गरजने की गतिविधि हुई. दिन भर उमस और गर्मी पड़ने के बाद रात को राहत की बौछार हुई. दक्षिणी इलाकों में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरवाट हुई है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलने को लेकर चेतवानी दी है.

राजनांदगांव में पारा 43 डिग्री हुआ दर्ज

गुरुवार को 43 डिग्री के साथ राजनांदगांव सर्वाधिक गर्म रहा. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री डिग्री जगदलपुर में दर्ज किया गया. रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 40.8 डिग्री रहा. न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है.

प्रदेश में सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा कोंटा और गरियाबंद में दर्ज की गई. इसके अलावा मैनपुर में 4 सेमी, जबकि गादीरस, बड़े बचेली, सुकमा और नांगुर में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं छोटेडोंगर, नरहरपुर, कांकेर, दरभा, बड़ेराजपुर, चरामा, जगदलपुर, बस्तर, जगरगुंडा, छुरा, केशकाल, भानपुरी और तोकापाल में 2-2 सेमी वर्षा हुई. इसके अलावा उसूर, पाटन, छिंदगढ़, कोमाखान, भोपालपटनम, कुकरेल, सरोना, तोंगपाल, बेलरगांव, बालोद, नगरी, दंतेवाड़ा, माकड़ी, दुर्ग, धनोरा, लोहांडीगुड़ा, कुआकोंडा और दोरनापाल में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

आज भी बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार हल्की से माध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान बादल गरजने-चकमने के साथ बिजली गिरने और 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में आज बादल छाने और आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान  26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!