
टेक्नोलॉजी डेस्क। पिछले कुछ वक्त में स्मार्टफोन के कैमरे काफी ज्यादा एडवांस हो गए हैं। कई लोग तो अब फोटो क्लिक करने के लिए अलग से कैमरा भी नहीं खरीदते। हालांकि, कभी कभी लोग ऐसी शिकायत जरूर करते हैं कि उनके फोन कैमरा की तस्वीरें अब पहले जैसी अच्छी नहीं आ रही हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इसके पीछे हर बार कैमरे की गलती नहीं होती, बल्कि हमारी कुछ छोटी-छोटी गलतियां भी किसी फोटो की क्वॉलिटी को खराब कर सकती हैं। चलिए आज इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं…
गंदा लेंस खराब कर सकता है तस्वीर
सबसे आम गलती फोन के कैमरा लेंस को क्लीन न रखना है। फोन दिनभर जेब में, बैग या हाथों में रहता है, जिसकी वजह से लेंस पर धूल, उंगलियों के निशान और गंदगी जमा हो जाती है। ऐसे में तस्वीरें धुंधली या कम डिटेल्स के साथ कैप्चर हो सकती हैं। इसलिए कुछ टाइम बाद कैमरा लेंस को माइक्रोफाइबर कपड़े से क्लीन करना जरूरी है। साथ ही लेंस क्लीनिंग हिंट्स जैसे फीचर्स को भी ऑन रखें।
ज्यादा जूम बिगाड़ सकता है डिटेल्स
काफी लोग फोन से फोटो क्लिक करते टाइम डिजिटल जूम का जरूरत से ज्यादा यूज कर लेते हैं। डिजिटल जूम फोटो को क्रॉप करके बड़ा शो करता है, जिससे फोटो में डिटेल कम हो जाती है और तस्वीर की क्वॉलिटी खराब हो सकती है। इसलिए बेहतर रिजल्ट्स के लिए सब्जेक्ट के पास जाकर फोटो लें।
स्टोरेज फुल भी दे सकती है दिक्कत
अगर आपके फोन की स्टोरेज लगभग फुल हो गई है तो भी कैमरा परफॉर्मेंस खराब हो सकती है। डिवाइस में स्टोरेज न होने पर कैमरा एप को फोटो प्रोसेस करने में दिक्कत हो सकती है। इसलिए फोन से फालतू फाइलें, वीडियो और एप्स टाइम से हटा दें।
फोन को अपडेट न करना
कुछ लोग तो कैमरा एप और फोन सॉफ्टवेयर को काफी टाइम तक अपडेट ही नहीं करते जिसकी वजह से फोन में अच्छी तस्वीरें नहीं आती। कंपनियां अक्सर कैमरा परफॉर्मेंस बेहतर करने के लिए और बग्स को फिक्स करने के लिए अपडेट जारी करती हैं। इसलिए लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल करना जरूरी है।
लो-लाइट में फोटो लेना
आजकल कुछ फोन्स में तो बेहतर लो-लाइट तस्वीरें लेने के लिए खास मोड मिल जाते हैं लेकिन अगर आपके फोन में ऐसी सुविधाएं नहीं हैं तो लो-लाइट में तस्वीरें लेने से बचें। बेहतर रिजल्ट के लिए आप साथ में फ्लैश लाइट का यूज करें।

