IND vs AFG 3rd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जा रहा है। सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी भारतीय टीम की नजर अब क्लीन स्वीप पर है, जबकि अफगानिस्तान सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरा है।
मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने बताया कि टीम में चार बदलाव किए गए हैं। वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि वह भी पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा, हर्ष दुबे और नीतीश रेड्डी की टीम में वापसी हुई है।

हेड टू हेड में भारत का दबदबा
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक कुल छह वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने पांच मैचों में जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। अफगानिस्तान अब तक भारत के खिलाफ एक भी वनडे मैच नहीं जीत पाया है। दोनों टीमों के बीच एकमात्र टाई मुकाबला साल 2018 में खेला गया था। मौजूदा सीरीज दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है।
चेपॉक की पिच रिपोर्ट

चेन्नई के चेपॉक में स्थित एमए चितंबरम इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए मददगार मानी जाती है। इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों को आमतौर पर काफी सहायता मिलती है और अफगानिस्तान के पास राशिद खान जैसे अनुभवी स्पिनर मौजूद हैं। हालांकि पिछले कुछ समय में यहां बड़े स्कोर भी देखने को मिले हैं। मैच आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी हो सकती है, जिससे स्पिनरों की भूमिका और अहम हो जाएगी।
बारिश बन सकती है परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार चेन्नई में मुकाबले के दिन बारिश की लगभग 55 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मौसम मैच के दौरान खलल डाल सकता है और दोनों टीमों की रणनीति पर भी असर पड़ सकता है।
शानदार फॉर्म में हैं भारतीय बल्लेबाज
भारतीय टीम के बल्लेबाज इस समय बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। दूसरे वनडे में ईशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। कप्तान शुभमन गिल भी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पहले वनडे में नाबाद 84 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में 154 रन की कप्तानी पारी खेली। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी पिछले मैच में 48 रन बनाकर अच्छी लय के संकेत दिए थे।
गेंदबाजी में सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले गुरनूर बराड़ सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं और अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
गुरबाज पर रहेंगी अफगानिस्तान की उम्मीदें
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर रहमनुल्लाह गुरबाज पर होगी। गुरबाज ने दो मैचों में 143 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 170.23 का रहा है। उन्होंने सीरीज में एक शानदार शतक भी लगाया है। गेंदबाजी में नांगेयालिया खरोटे ने अपने एकमात्र मैच में चार विकेट लेकर प्रभावित किया है।
भारत और अफगानिस्तान दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), ईशान किशन, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव।
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11
रहमनुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान, अल्लाह गजनफर, फरीद अहमद, जिया-उर-रहमान।
यहां देख सकते हैं लाइव मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे वनडे मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध है।


