‘जब हमारी रक्षा की बारी आती, तो वे हमारे साथ खड़े नहीं होते….’, ट्रंप ने एक बार फिर पीएम मेलोनी पर साधा निशाना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इटली और उसकी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी पर निशाना साधा है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में इटली की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिका वर्षों से NATO और इटली की सुरक्षा पर भारी खर्च करता आया है, लेकिन ईरान के परमाणु खतरे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर इटली अमेरिका के साथ खड़ा नजर नहीं आता।

ट्रंप ने लिखा, “NATO और इटली पर खरबों डॉलर खर्च करने के बाद भी इटली और उसके प्रधानमंत्री ने इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान तथा उससे जुड़े गंभीर परमाणु खतरे के मामले में शामिल होने के बारे में सोचा तक नहीं। दशकों से हम उनकी रक्षा करते आ रहे हैं, लेकिन जब हमारी रक्षा की बारी आती है, तो वे हमारे और बाकी दुनिया के साथ खड़े नहीं होते। यह अच्छी बात नहीं है।”

पहले भी मेलोनी को लेकर दे चुके हैं विवादित बयान

यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी की हो। हाल ही में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन के बाद ट्रंप ने दावा किया था कि मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए कई बार अनुरोध किया था। हालांकि, ट्रंप के इस बयान को इटली सरकार और स्वयं मेलोनी ने तुरंत खारिज कर दिया था।

मेलोनी ने कहा था- दावे पूरी तरह मनगढ़ंत

ट्रंप के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था, “ट्रंप के दावे पूरी तरह मनगढ़ंत हैं। इटली और मैं किसी से मिन्नतें नहीं करते।”

ट्रंप के बयान पर इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो ताजानी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इसे “गंभीर और अपमानजनक” करार देते हुए अपनी प्रस्तावित अमेरिका यात्रा तक रद्द कर दी थी।

अब ईरान मुद्दे पर बढ़ सकता है विवाद

ताजा बयान में ट्रंप ने इटली के ईरान नीति को निशाना बनाते हुए संकेत दिया है कि अमेरिका को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों में अपने सहयोगियों से अधिक समर्थन की उम्मीद है। हालांकि, ट्रंप की नई टिप्पणी पर फिलहाल इटली सरकार या प्रधानमंत्री मेलोनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!