पामगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार (ब) स्थित जोगिया नाला के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव कुमार यादव निवासी ग्राम कुलीपोटा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी को आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षा केंद्र छोड़ने गए थे। पत्नी को परीक्षा केंद्र पहुंचाने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान जोगिया नाला के पास तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार काफी अधिक थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिव कुमार यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना का दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
बताया गया है कि बाइक पर दो अन्य युवक भी सवार थे। हादसे के दौरान उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सड़क किनारे छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। यदि वे समय रहते बाइक से अलग नहीं होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पामगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं हादसे की खबर जैसे ही ग्राम कुलीपोटा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। शिव कुमार यादव की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


