बिलासपुर। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने वाहन चालकों और आम नागरिकों को फर्जी ई-चालान संदेशों से सतर्क रहने की अपील की है। आरटीओ के अनुसार हाल के दिनों में कुछ साइबर ठग मोबाइल फोन पर एसएमएस भेजकर ई-चालान के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। इन संदेशों में एक लिंक दिया जाता है, जिस पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन हैक होने, व्यक्तिगत जानकारी चोरी होने या बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा बढ़ जाता है।
आरटीओ ने स्पष्ट किया है कि विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले सभी वैध ई-चालान केवल अधिकृत पोर्टल पर उपलब्ध होते हैं। वाहन स्वामी अपने वाहन का विवरण दर्ज कर अधिकृत वेबसाइट पर चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और वहीं आनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं। विभाग ने लोगों से किसी भी संदिग्ध लिंक, एपीके फाइल या अनजान नंबर से आए संदेश पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी है।
अधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को ई-चालान से संबंधित कोई संदिग्ध काल, संदेश या लिंक प्राप्त होता है तो उसकी सत्यता की जांच संबंधित परिवहन कार्यालय, यातायात पुलिस या साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य करें। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। आरटीओ ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही ई-चालान का भुगतान करें और किसी भी फर्जी संदेश के झांसे में न आएं।


