CG: बर्थडे की अनूठी मिसाल; शिक्षक ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, कराया शानदार ‘न्योता भोज’

दुर्गूकोंदल। संकुल केंद्र मेडो अंतर्गत माध्यमिक शाला सुखई में शिक्षक बिसाहूराम सर्फे ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन का आनंद लिया और शिक्षक की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना की। शिक्षक बिसाहूराम सर्फे ने बताया कि उन्होंने अपने जन्मदिन को खास बनाने के लिए बच्चों के साथ खुशियां बांटने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच जन्मदिन मनाने से जो आत्मीयता और संतोष मिलता है, वह किसी अन्य आयोजन से संभव नहीं है। बच्चों ने भी अपने शिक्षक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

विद्यालय के प्रधानपाठक मधुराम नेताम ने कहा कि न्योता भोज जैसी पहल से विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन मिलने के साथ-साथ विद्यालय और समुदाय के संबंध भी मजबूत होते हैं। इससे बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ता है और वे नियमित रूप से अध्ययन के लिए प्रेरित होते हैं।

संकुल समन्वयक किशोर कुमार विश्वकर्मा ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अन्य शिक्षकों एवं समाजसेवियों से भी ऐसे अवसरों पर बच्चों के लिए सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रधानपाठक मधुराम नेताम, शिक्षिका अरुणा वट्टी, शिक्षक लोकेश कुमार साहू, नोमेश्वर निषाद, संजय पिस्दा, धर्मजीत मरावी, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!