जांजगीर। जांजगीर जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डोंगरी-कोरबी मार्ग पर आज रविवार की सुबह एक बेहद हृदयविदारक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यह घटना भारतमाला परियोजना की सड़क पर हर दिन की तरह सुबह की ताजी हवा में सैर करने निकले तीन स्थानीय ग्रामीणों को एक अज्ञात वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया।
टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन की चपेट में आए तीनों नागरिकों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोंगरी-कोरबी मार्ग पर सुबह-सुबह यह हादसा तब हुआ जब दृश्यता थोड़ी कम थी और अज्ञात वाहन का चालक लापरवाही पूर्वक गाड़ी दौड़ा रहा था। बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है और उनके शोकाकुल परिजनों को हादसे की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। पुलिस ने अज्ञात फरार वाहन और उसके चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि भारतमाला सड़क अब इस इलाके के लिए ‘खूनी सड़क’ साबित हो रही है, जहाँ सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी के कारण लगातार जानलेवा हादसे हो रहे हैं। इसी जून महीने में बीते 15 जून की रात को भी बिलासपुर-उरगा मार्ग पर मुड़ाभाठा के पास फ्लाई ऐश से भरी पिकअप और ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत में रामपुर विधायक के नाती समेत दो युवकों की असमय मौत हो गई थी।


