हिमाचल के चंबा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. चंबा में नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर डैम साइड के पास एक ऑल्टो कार बैरा स्यूल नदी में गिर गई. कार सवार शादी समारोह से लौट रहे थे. सवार चारों लोगों की मौत हो गई. यह दुर्घटना नकरोड़–हिमगिरि डैम साइड सड़क पर हुई, जहां अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट गहरी खाई में बैरा स्यूल नदी में गिर गई. हादसा इतना भीषण था कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई.
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो कार HP44A 0494 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में बैरा स्यूल नदी में गिर गई.
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर डैम साइड के नजदीक घटित हुआ. देर रात पहाड़ी रास्ते पर नियंत्रण खोने के कारण कार सीधे उफनती नदी में समा गई. हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और टिकरीगढ़ पंचायत के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं, मृतकों की पहचान शुक्र दीन पुत्र शाक मोहम्मद 50 सलमान पुत्र तेज दीन 25, बिट्टू सपुत्र किशन 38, संजू सपुत्र खेमी 22, गांव करमुण्ड डाकघर टिकरीगढ़ के रूप में हुई है.
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है. पुलिस टीम दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हादसा देर रात हुआ है जिसकी सूचना सुबह लोगों को मिली और फौरन पुलिस को अवगत करवाया. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
नदी का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. तीसा पुलिस थाना प्रभारी और अग्निशमन की टीमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं. वाहन किसका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.


