कोरबा। कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत धवलपुर गांव में सोमवार देर रात हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड (35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने वन विभाग से प्रभावी निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार गोंड की एक भैंस लापता हो गई थी। उसकी तलाश में वह रात के समय जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहे एक हाथी से उसका आमना-सामना हो गया। अचानक हुए हमले में हाथी ने संतोष को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
आसपास के गांवों में भय का माहौल
इस घटना के बाद धवलपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हाथियों की आवाजाही लगातारके बढ़ रही है, लेकिन समय पर सूचना और प्रभावी ओनिगरानी के अभाव में लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने हाथियों की नियमित मॉनिटरिंग, मुनादी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है।
49 हाथियों का दल कर रहा विचरण
जटगा वन परिक्षेत्र इन दिनों अलग अलग दलों में 49 हाथी विचरण कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पखवाड़े भर के भीतर हाथी के हमले से मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की चुनौती बढ़ा दी है। वन विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि ओहाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल की ओर न जाएं तथा किसी भी स्थिति में हाथियों के नजदीक जाने का प्रयास न करें।


