डिजिटल डेस्क। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अपने पद से त्यागपत्र देने के बाद नागरिक अधिकार संगठन (CJP) की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के मंच से सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने इस घटनाक्रम पर खुशी जताते हुए बड़ा ऐलान किया।
प्रदर्शनकारियों और छात्रों को संबोधित करते हुए दीपके ने गर्व से कहा, “वी हैव डन इट” (हमने यह कर दिखाया)। उन्होंने सरकार के रुख पर तंज कसते हुए कहा कि ‘झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए।’ उन्होंने याद दिलाया कि पहले कहा जाता था कि उनके यहां इस्तीफे की व्यवस्था नहीं है, लेकिन अंततः जनता के दबाव में इस्तीफा होना ही पड़ा।
सीजेपी ने दिया आगे की रणनीति का संकेत
शिक्षा मंत्री के पद छोड़ने के बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई थी कि क्या जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन अब समाप्त हो जाएगा। हालांकि, सीजेपी प्रमुख ने आंदोलन की भावी रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि यह संघर्ष यहीं समाप्त नहीं होगा। अभिजीत दीपके ने साफ किया कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका यह आंदोलन आगे भी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।

