स्टाइपेंड बढ़ाने मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों ने दिया धरना…

जगदलपुर। डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को काम बंद कर एक दिवसीय हड़ताल की। इंटर्न डॉक्टरों की मांग है कि उनका मासिक स्टाइपेंड 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। हड़ताल के चलते मेकॉज की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई।

इंटर्न डॉक्टरों के अनुसार छत्तीसगढ़ से लगे हुए अन्य प्रदेशों में इंटर्न डॉक्टरों को 40 से 45 हजार मासिक स्टाइपेंड मिलता है, लेकिन इसकी तुलना में छत्तीसगढ़ के इंटर्न डॉक्टरों को सरकार बेहद कम स्टाइपेंड दे रही। इससे पहले भी इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन उनकी मांगे पूरी नहीं हुई।

जूनियर डॉक्टरों और कांग्रेस ने किया समर्थन

वहीं इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल का सीधा असर मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में देखने को मिला। मेकॉज की व्यवस्था नियमित डॉक्टरों के भरोसे रही। मेडिकल कॉलेज के पार्किंग स्थल में इंटर्न डॉक्टरों ने धरना देकर अपनी मांगों को पूरा करने की मांग दोहराई। जूनियर डॉक्टरों ने भी इंटर्न डॉक्टरों को अपना समर्थन दिया। इसके अलावा कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और इंटर्न डॉक्टरों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से मांगों को जल्द पूरा करने की बात कही।

error: Content is protected !!