रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 अगस्त को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में गरज-चमक, आंधी और भारी बारिश का अलर्ट है. लगातर हो रही बारिश से मुंगेली में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हैं, वहीं राजीव गांधी जलाशय और कोडार बांध लबालब हो गए हैं. बलरामपुर में पुलिया ढहने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है, जबकि नेशनल हाईवे-45 पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही.

मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है. इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव वाले क्षेत्र से जुड़ा एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic circulation) समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. मानसून ट्रफ भी इसी कम दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रहा है, जिससे पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी है.

मुंगेली का पसराहा पारा इलाका बना टापू
राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. मुंगेली और रायपुर जिलों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश हुई. 9 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण मुंगेली का पसराहा पारा इलाका टापू बन गया, जिससे लगभग 200 लोग 24 घंटे तक फंसे रहे. SDRF ने नावों का इस्तेमाल करके 10 घंटे चले बचाव अभियान के बाद सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया.

राजीव गांधी जलाशय लबालब
इस बीच जिले का राजीव गांधी जलाशय अपनी पूरी क्षमता तक भर गया. इसके वेस्ट वियर के ऊपर से 6 फीट गहरा पानी बह रहा है, जिससे मनियारी नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है.
रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 10 अगस्त को रायपुर में बादल छाए रहने की संभावना है. एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान लगभग 31°C और न्यूनतम तापमान लगभग 25°C रहने की संभावना है. राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रायपुर में 30°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.4°C रहा

बलरामपुर में बिगड़े हालात
बलरामपुर में भारी बारिश के कारण एक पुलिया ढह गई. देवसराखुर्द-लुंड्रा रूट पर बनी पुलिया के गिरने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है. बारिश की वजह से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है, जिससे लोगों को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है. जहां ग्रामीणों ने नया पुल बनाने की मांग की है, वहीं प्रशासन ने वैकल्पिक रास्ते का इंतजाम किया है.

