स्टाफ को नौकरी से निकाला तो कारोबारी को किया ब्लैकमेल ; पैसे मांगे, आरोपी गिरफ्तार

 बिलासपुर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ब्लैकमेलिंग और प्राइवेट वीडियो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपियों ने कारोबारी के चचेरे भाई और उसकी पत्नी के निजी पलों का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बाद में आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।

हिसाब-किताब में हेराफेरी के बाद निकाला था नौकरी से

पुलिस के मुताबिक, कारोबारी हार्वेस्टर और ट्रैक्टर के जरिए एग्रीकल्चर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। व्यवसाय की देखरेख के लिए उसने पीतांबर सिंह और अजय चौधरी को काम पर रखा था। इस दौरान हिसाब-किताब में हेराफेरी सामने आने के बाद दोनों को नौकरी से निकाल दिया गया था। नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी कारोबारी से नाराज थे और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

इसके बाद बीते 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे आरोपी पीड़ित के भाई के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मालिक की पत्नी और उसके भाई के प्राइवेट मोमेंट का वीडियो दिखाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, महिला और उसके भाई के बीच निजी संबंधों के दौरान वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है। इसी निजी वीडियो को आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो वायरल होने के बाद महिला को अपमान और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

इन धाराओं के तहत अपराध दर्ज

मामले की शिकायत मिलने पर मस्तूरी पुलिस ने BNS की धारा 77, 79, 296, 351(3), IT एक्ट की धारा 66E, 67, 67B तथा SC-ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की। इसके बाद मस्तूरी पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी अजय चौधरी, नरेश पटेल और पीतांबर सिंह, सभी निवासी खपरी लिमतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार की। पुलिस तीनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!