कपड़ा व्यापारी को CG CRIME: तलवार दिखाकर धमकाया, खुद को जख्मी कर कार में की तोड़फोड़; आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कश्यप कालोनी में शराब के नशे में एक युवक ने कपड़ा व्यवसायी और उसके भाइयों को तलवारनुमा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले आरोपित लोहे की राड लेकर दुकान पहुंचा था और शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था।

पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। कुछ देर बाद वह दोबारा दुकान पहुंचा और हंगामा करते हुए खुद के शरीर पर भी धारदार हथियार से वार कर लिया। जाते समय आरोपित ने दुकान के बाहर खड़ी कार में राड मारकर तोड़फोड़ कर दी।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। कश्यप कालोनी की गली नंबर-4 निवासी राहुल गुप्ता (26) बरसैया ट्रेडर्स के नाम से कपड़े की थोक दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने भाई आशुतोष गुप्ता और पराग गुप्ता के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड निवासी अनुराग कश्यप नशे की हालत में लोहे की राड लेकर दुकान पहुंचा। उसने राहुल से शराब पीने के लिए रुपये मांगे।

राहुल ने रुपये देने से मना किया तो अनुराग गाली-गलौज करने लगा। उसने मारपीट करने और जान से मारने की धमकी भी दी। दुकान में मौजूद लोगों ने उसे समझाकर वहां से रवाना कर दिया। हालांकि करीब 15 मिनट बाद अनुराग दोबारा दुकान पहुंच गया। इस बार उसके हाथ में तलवारनुमा धारदार हथियार था।

आरोप है कि दुकान में घुसते ही उसने राहुल और उसके दोनों भाइयों को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ और दुकान जलाने की धमकी देने लगा। दुकान के गार्ड ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपित उससे धक्का-मुक्की करने लगा। राहुल और उनके भाइयों ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा।

इसी दौरान आरोपित ने अपने हाथ में मौजूद धारदार हथियार से खुद के शरीर पर भी वार करना शुरू कर दिया। इससे दुकान में मौजूद लोग घबरा गए। इसके बाद आरोपित दुकान से बाहर निकला और वहां खड़ी कार में लोहे की राड मारकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद राहुल गुप्ता ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की और आरोपित अनुराग कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!