ऑपरेशन विश्वास: नक्सलमुक्त क्षेत्रों के बच्चों ने पहली बार मोहला में देखा स्वतंत्रता दिवस समारोह

पुलिस अधिकारियों से की आत्मीय मुलाकात
मोहला। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में स्वतंत्रता दिवस का पर्व इस बार विशेष उत्साह और अनूठी पहल के साथ मनाया गया। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत पूर्व नक्सल प्रभावित और वर्तमान में नक्सलमुक्त हो चुके दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूली बच्चों को पहली बार जिला मुख्यालय मोहला आमंत्रित किया गया। इन बच्चों ने न केवल परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रत्यक्ष आनंद लिया, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली को भी करीब से समझा।

राज्यसभा सांसद ने किया ध्वजारोहण, बच्चों का बढ़ाया उत्साह
जिला मुख्यालय के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस गरिमामयी अवसर पर जिला कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति (IAS), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (IPS) सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने “ऑपरेशन विश्वास” के तहत पहुंचे बच्चों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, राष्ट्रसेवा और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा से हुए रूबरू
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से उन्हें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। बच्चों को डायल-112, कंट्रोल रूम, आपातकालीन पुलिस सहायता और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का सहजता से समाधान किया और उन्हें सुरक्षा व जनसेवा के प्रति आश्वस्त किया।

‘जागरूकता की एक सेल्फी बनी मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” सेल्फी प्वाइंट बच्चों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने यहाँ भारी उत्साह के साथ पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ “जागरूकता की एक सेल्फी” ली। इस पहल ने बच्चों और पुलिस के बीच की दूरियों को मिटाकर आपसी विश्वास, अपनत्व और सकारात्मक संबंधों को और अधिक मजबूत किया है। “ऑपरेशन विश्वास” का मुख्य उद्देश्य पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की नई पीढ़ी को भय और नकारात्मकता के साये से बाहर निकालकर शिक्षा, विकास, संस्कृति और राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जोड़ना है। पुलिस प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की पूरे जिले में सराहना हो रही है, जिससे बच्चों के चेहरों पर एक नई उम्मीद और चमक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!