HPCL के नाम पर बिक रहा था नकली इंजन ऑयल, 3 दुकानों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का माल जब्त

जांजगीर-चांपा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट इंजन ऑयल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जांजगीर और चांपा क्षेत्र में तीन ऑटोमोबाइल दुकानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का नकली इंजन ऑयल जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, कंपनी के नाम और ब्रांड का इस्तेमाल कर नकली इंजन ऑयल की बिक्री किए जाने की शिकायत के बाद कार्रवाई की गई। इस दौरान जांजगीर कोतवाली पुलिस और चांपा पुलिस की टीम ने संबंधित दुकानों में दबिश दी।

चांपा में कौशल अग्रवाल और नीरज अग्रवाल की ऑटोमोबाइल दुकानों पर कार्रवाई की गई, जबकि जांजगीर में अमन शर्मा की ऑटोमोबाइल दुकान में पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली इंजन ऑयल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने जब्त इंजन ऑयल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंपनी के नाम पर नकली उत्पादों की बिक्री के इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!