राजनांदगांव में गूंजेगा ‘हर बच्चा अनोखा है’ का संदेश, 6 सितंबर को ‘उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित

न्यूरोडायवर्जेंट बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शन के साथ मिलेगा आत्मविश्वास और मार्गदर्शन का मंच

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। बच्चों की प्रतिभा, क्षमताओं और विशिष्ट पहचान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से Rainbow Fingers Welfare Foundation द्वारा ‘उड़ान – हर बच्चा अनोखा है’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम आगामी 6 सितंबर को सुबह 11 बजे से पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम विशेष रूप से न्यूरोडायवर्जेंट बच्चों के लिए तैयार किया गया है। इसमें ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD), ADHD, डाउन सिंड्रोम, स्पेसिफिक लर्निंग डिसेबिलिटी (SLD), सेरेब्रल पाल्सी सहित अन्य न्यूरोडेवलपमेंटल कंडीशंस वाले बच्चे सहभागी बन सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को उनकी चुनौतियों के बजाय उनकी प्रतिभा और क्षमताओं के आधार पर पहचान दिलाना तथा समाज में समावेश और स्वीकार्यता की भावना को मजबूत करना है।

प्रतिभा को मिलेगा मंच, आत्मविश्वास को उड़ान

‘उड़ान’ में क्रिएटिव आर्ट एवं कलरिंग, टैलेंट शोकेस, गायन, नृत्य, संगीत, कविता और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक सहभागी बच्चे को प्रोत्साहन स्वरूप गिफ्ट हैम्पर और सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं अभिभावकों को विशेषज्ञों के साथ संवाद एवं मार्गदर्शन का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ मोहबे, डॉ. अनिमेष गांधी, स्पीच थेरेपी विशेषज्ञ एवं विशेष शिक्षिका रजनी राठी, ग्रोइंग माइंड्स चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर के डायरेक्टर मोहम्मद सरताज, क्लिनिकल साइकोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. श्रीदेवी गोडीशाला तथा फिजियोथेरेपिस्ट एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट डॉ. पूजा सरवान बच्चों और अभिभावकों का मार्गदर्शन करेंगे। फाउंडेशन की संस्थापक श्रद्धा वर्मा ने कहा कि हर बच्चा अपनी तरह से विशेष होता है। सही अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर हर बच्चा अपनी अलग पहचान बना सकता है। ‘उड़ान’ इसी सोच को समाज तक पहुंचाने की पहल है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि आगामी 30 अगस्त  निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी 9165471111 और 7999088067 पर संपर्क कर जानकारी एवं पंजीयन करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!