पेपर कप मशीन के नाम पर 1.81 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

2024 से फरार आरोपी को सोमनी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। पेपर कप बनाने की मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने के नाम पर 1 लाख 81 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार आरोपी को सोमनी पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। अंतर्राज्यीय स्तर पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये नगद बरामद कर जप्त किए हैं। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने 17 जनवरी 2024 को जयपुर निवासी बृजेश से 65 एमएल क्षमता की पेपर कप मशीन खरीदने का सौदा 8 लाख 20 हजार रुपये में किया था। मशीन के साथ कच्चे माल का कोटेशन कुल 10 लाख 3 हजार रुपये का दिया गया था। कच्चे माल के लिए प्रार्थी ने आरोपी को 1 लाख 81 हजार रुपये का भुगतान किया। 2 मई 2024 को आरोपी ने मशीन भेजी, लेकिन कच्चा माल उपलब्ध नहीं कराया। मशीन की जांच करने पर पता चला कि 65 एमएल क्षमता की मशीन के स्थान पर 50 एमएल क्षमता की दूसरी मशीन भेजी गई थी। प्रार्थी ने गलत मशीन वापस लेने तथा राशि लौटाने की मांग की, लेकिन आरोपी ने रकम वापस नहीं की। इसके बाद थाना सोमनी में धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक एमन साहू ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान आरोपी के जयपुर में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बृजेश जिंजवारिया पिता स्व. बनवारी लाल जिंजवारिया (26) निवासी टोड़ी, थाना मनोहरपुर, जिला जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!