राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय ग्रामीण महिला की अशिक्षा और ग्रामीण होने का फायदा उठाकर 21 डिसमिल जमीन की कथित धोखाधड़ीपूर्वक रजिस्ट्री कराने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने महिला से 7-7 डिसमिल के हिसाब से जमीन खरीदने का इकरारनामा कराया, लेकिन रजिस्ट्री के दौरान कथित रूप से 7 डिसमिल के स्थान पर कुल 21 डिसमिल जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। पुलिस के अनुसार ग्राम अरसीटोला निवासी 60 वर्षीय जामबाई पति बलराम यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंदिरा नगर निवासी मो. परवेज गोरी उर्फ ओमप्रकाश राजपूत (34) ने उसकी जमीन खरीदने की बात कही थी। आरोपी ने 7-7 डिसमिल के हिसाब से 21 डिसमिल जमीन का इकरारनामा कराया। आरोप है कि रजिस्ट्री के समय महिला की अशिक्षा का फायदा उठाकर उससे 21 डिसमिल भूमि के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। जमीन के भुगतान के लिए दिए गए चेक में से एक चेक अनादरित भी हो गया।
शिकायत की जांच और विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी मो. परवेज गोरी उर्फ ओमप्रकाश राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में आरोपी के विरुद्ध थाना छुरिया और थाना कोतवाली राजनांदगांव में भी इसी तरह की अपराध प्रणाली से संबंधित मामले दर्ज होना सामने आया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से कई अपराध एवं शिकायतें दर्ज हैं तथा वह थाना बसंतपुर का गुंडा बदमाश बताया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में की गई।

