बिलासपुर हिंसा मामले में बड़ा एक्शन, दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने पहले दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य आरोपियों पर FIR दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ शुरू करते हुए 16 लोगों को हिरासत में लिया और अब मामले में दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

अपराध क्रमांक 488/2026 में 8 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं

अपराध क्रमांक 489/2026 में 3 गिरफ्तार

वहीं, अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू के रूप में हुई है। इनमें राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा के रहने वाले हैं, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा निवासी है।

8 वाहन और दुकान में तोड़फोड़

बवाल के दौरान तोड़फोड़ की भी घटना सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक 8 वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचाया गया। इनमें 6 चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और बाइक शामिल हैं। पथराव के कारण एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए थे।

पथराव में 9 पुलिसकर्मी घायल

स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आए। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया।

खपरगंज समेत आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। स्थानीय पुलिस बल के अलावा दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया गया। इलाके में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है।

एहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।

ड्रोन और CCTV से जारी है पहचान

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही ड्रोन से भी इलाके की निगरानी और संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!