रेवाडीह में निगम का चला बुलडोजर, खुला आम रास्ता

सीमेंट पोल लगाकर किया था मार्ग बंद, पुलिस बल के साथ हटाया अतिक्रमण

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। रेवाडीह फरहद चौक के पास आम रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से हटाकर आवागमन बहाल कराया। निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर की गई कार्रवाई में तकनीकी अधिकारियों और निगम अमले ने जेसीबी की मदद से रास्ते में लगाए गए सीमेंट के पोल तथा अन्य बाधा को हटाया। जानकारी के अनुसार रेवाडीह फरहद चौक निवासी शिक्षक रामसिंह द्वारा आम रास्ते की सड़क को करीब दो फीट ऊंचा कर वहां सीमेंट के दो पोल गाड़ दिए गए थे। इससे आम लोगों का आवागमन बाधित हो रहा था। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद नगर निगम द्वारा संबंधित व्यक्ति को अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी गई थी। इसके बाद नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन नोटिस के बावजूद रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त के निर्देश पर निगम का अमला पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचा और जेसीबी से अतिक्रमण हटाकर रास्ता आम आवागमन के लिए खोल दिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित को दोबारा इस प्रकार अतिक्रमण कर आवागमन बाधित नहीं करने की समझाइश दी गई। निगम ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त जी.आर. मरकाम ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि चौक-चौराहों और सड़कों पर पसरा, ठेला-खोमचा लगाने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ती है। अतिक्रमण से पानी की निकासी भी प्रभावित होती है। सड़क पर मलबा या निर्माण सामग्री रखने से गंदगी फैलने के साथ आवागमन में भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि निगम का अतिक्रमण दस्ता कार्रवाई करे, इससे पहले नागरिक स्वयं अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा निगम द्वारा बिना सूचना अतिक्रमण हटाने के साथ संबंधित से जुर्माना भी वसूला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!