बदमाशों का निकाला पैदल जुलूस: कान पकड़ कर बोले- जुर्म करना पाप है कानून हमारा…

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवक को जबरन उठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं पुलिस ने पकड़े गए चारों आरोपियों का जुलूस निकाला और उनसे जुर्म करना पाप है, कानून हमारा बाप है जैसे नारे भी लगवाए।

मामला कुरूद थाना क्षेत्र के गाड़ाडीह गांव का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, कुछ युवक नवागांव पहुंचे और एक युवक के घर में घुसकर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर गाड़ाडीह ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने कुरूद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस

पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं और नशे की लत से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को कुरूद की सड़कों पर पैदल चलाया। इस दौरान आरोपियों से अपराध के खिलाफ नारे भी लगवाए गए। पुलिस कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।

आरोपियों से कथित तौर पर जुर्म करना पाप है, कानून हमारा बाप है” जैसे नारे लगवाए गए। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ सख्ती के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

त्योहारों का सीजन नजदीक है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बताया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि नशे की हालत में मारपीट, गुंडागर्दी या किसी तरह की आपराधिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!