दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में भर्ती के लिए चल रही फिजिकल परीक्षा के दौरान सोमवार को एक 23 वर्षीय युवक की अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA), वजीराबाद में हुई। मृतक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। सौरभ कुमार अनूपशहर के सलामतपुर गांव स्थित नेता नगर का रहने वाला था। भर्ती प्रक्रिया के तहत वह फिजिकल परीक्षा देने दिल्ली आया था। परीक्षा के दौरान अचानक गिरने के बाद उसे तत्काल चिकित्सा सहायता देने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दौड़ते-दौड़ते ट्रैक पर गिरकर बेहोश हुआ
पुलिस के मुताबिक, सौरभ कुमार दिल्ली पुलिस अकादमी, वजीराबाद में आयोजित फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) में शामिल होने पहुंचा था। भर्ती परीक्षा के दौरान वह दौड़ में हिस्सा ले रहा था। इसी दौरान अचानक वह ट्रैक पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और स्टाफ ने सौरभ को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा देने की कोशिश की। इसके बाद उसे PCR वैन से अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11:11 बजे सोनिया विहार थाने को JPC अस्पताल से सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA), वजीराबाद से एक युवक को इमरजेंसी विभाग में लाया गया है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए GTB अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस ने बताया कि मामले में BNSS की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

