गणेश विसर्जन पर पुलिस का कड़ा पहरा; 800 जवान संभालेंगे मोर्चा; 4 ड्रोन से आसमान तक निगरानी

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में करीब 800 पुलिस जवान शहर, विसर्जन मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों और विसर्जन स्थलों पर तैनात किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय से मिले अतिरिक्त बल को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विसर्जन के दौरान भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 4 ड्रोन, 10 निगरानी मचान और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ के बीच निगरानी करेंगे। चाकूबाजी, आपसी विवाद, झगड़े, चेन स्नेचिंग और मोबाइल-पर्स चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष दलों को सक्रिय किया गया है।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले संभावित तत्वों पर निगरानी बढ़ाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई और मैदानी सूचना तंत्र को मजबूत किया है। हाल ही में जेल से रिहा हुए लोगों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज और ढाबों में संदिग्ध लोगों की पहचान और जांच के लिए अलग दल लगाए गए हैं।

झांकियों के लिए अलग व्यवस्था

घने और संकरे पुराने शहर को देखते हुए झांकियों के संचालन की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी झांकियां निर्धारित एकत्रीकरण स्थल से रवाना होंगी। प्रत्येक झांकी के साथ 5 वालंटियर रहेंगे और झांकियों के बीच पर्याप्त अंतर रखा जाएगा। ‘वन कॉप-वन पंडाल’ व्यवस्था के तहत प्रत्येक गणेश पंडाल से एक पुलिसकर्मी को जोड़ा गया है, जो समिति से समन्वय बनाए रखेगा।

पांच प्रवेश मार्गों पर यातायात नियंत्रण

शहर में भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए 5 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस व यातायात बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार वाहनों को पुराने शहर में प्रवेश से पहले डायवर्ट किया जाएगा। निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के साथ मुख्य झांकी मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग पर रोक रहेगी। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा।

डीजे पर नियमों का पालन जरूरी

पुलिस ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित ध्वनि मानकों एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने कहा है। उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालक और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से आभूषण व बड़ी मात्रा में नकदी न लाने, मोबाइल-पर्स सुरक्षित रखने, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है। किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया है। आपात स्थिति में पुलिस नियंत्रण कक्ष के 94791-92199 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!