MSc के छात्र की जंगल में फंदे से लटकी मिली लाश: आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस

अंबिकापुर।गांधीनगर थाना क्षेत्र के सकालो जंगल में एमएससी के छात्र की फांसी पर लटकी लाश मिली है। छात्र ने जिस जींस और शर्ट को पहना था , उसी को आपस में जोड़कर रस्सी जैसा बनाकर फांसी लगाई है। मृतक की पहचान जशपुर जिले के दुलदुला निवासी निखिल रंजन एक्का पिता अजय एक्का के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, निखिल अंबिकापुर के मुक्तिपारा में अपने फूफा के यहां रहकर साईं बाबा महाविद्यालय में एमएससी गणित प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार दोपहर वह पैदल ही घर से निकला था, इसके बाद वापस नहीं लौटा। स्वजन ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।इसी बीच मंगलवार को सकालो जंगल में ड्यूटी कर रहे वन कर्मचारी ने एक पेड़ पर फांसी पर लटकी लाश देखी। उसने तत्काल सरपंच को सूचना दी। सरपंच के माध्यम से सूचना गांधीनगर पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को देखा तो संदेह हुआ कि यह शनिवार से लापता युवक हो सकता है। पुलिस ने स्वजन को सूचना दी, स्वजन ने मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान निखिल के रूप में की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक ने घर पर अपनी डायरी में एक जगह लिखकर रखा था कि उसका किडनी खराब हो गया है और उसमें इतनी हिम्मत नहीं है कि वह घर वालों को बता सके। पुलिस को आशंका है कि संभवतः इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!