NH पर चक्काजाम : सड़क निर्माण में एलाइनमेंट की अनदेखी और उड़ती धूल पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

बलरामपुर. जिले के रामानुजगंज में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर सड़क निर्माण कार्य को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. निर्माण कार्य में एलाइनमेंट की अनदेखी, उड़ती धूल और गुणवत्ताहीन नाली निर्माण सहित कई समस्याओं से नाराज नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार को हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है.

जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान एलाइनमेंट की अनदेखी किए जाने से स्थानीय लोग नाराज हैं. नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में उपाध्यक्ष, पार्षद और ग्रामीण सड़क पर उतर आए. उनका कहना है कि सड़क से उड़ती धूल के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने नाली निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं. वहीं बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम नहीं होने पर भी नाराजगी जताई.

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य में तत्काल सुधार कराने और उड़ती धूल से राहत दिलाने की मांग की है. चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंच गया है. मांगों पर बातचीत का दौर जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!