थाना प्रभारी के खिलाफ शिकायत, एसपी ने किया निलंबित

सात दिन में जांच रिपोर्ट के निर्देश

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। थाना बोरतलाव के थाना प्रभारी सर्जन गोकुल सोनकर के विरुद्ध रुपए के लेनदेन संबंधी लिखित शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि बोरतलाव थाना प्रभारी के विरुद्ध थाना बोरतलाव क्षेत्र के आवेदक द्वारा रुपए के लेनदेन के संबंध में लिखित शिकायत दी गई है। प्रथम दृष्टया लगाए गए आरोप गंभीर एवं तथ्यात्मक प्रतीत होने तथा कृत्य को गंभीर आचरण उल्लंघन का परिचायक मानते हुए कार्रवाई की गई है।

आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में थाना प्रभारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा निलंबन अवधि में गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की प्राथमिक जांच के लिए डोंगरगढ़ के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशरीनंदन नायक को निर्देशित किया गया है कि सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!