कोतवाली थाने के दो आरोपियों के फरार होने पर एसपी ने की कार्रवाई
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। पुलिस अभिरक्षा से दो आरोपियों के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में आरक्षक नितेश ध्रुव, आरक्षक किशन देवांगन और आरक्षक दुर्गेश साहू शामिल हैं। तीनों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा तथा बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 732/2026, धारा 309(6), 3(5) एवं अपराध क्रमांक 733/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के संदिग्ध विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर 2026 को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया था तथा घटना में लूटे गए मोबाइल और राशि अपने घर में रखने की जानकारी दी थी।
रात्रि में आरोपियों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था। उनकी सुरक्षा के लिए आरक्षक नितेश ध्रुव और किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी, जबकि रात्रि थाना हाजिरी ड्यूटी आरक्षक दुर्गेश साहू को सौंपी गई थी। 26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध किया है। मामले की प्राथमिक जांच कर सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

