‘अदालत का समय बर्बाद मत करो’, रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के खिलाफ याचिका पर तत्काल सुनवाई से SC का इनकार

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को रणबीर कपूर की फिल्म रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड की रिलीज को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन्हें फिल्म में दिखाए गए महाकाव्य के नजरिए से असहमति है, वे अपना अलग नजरिया पेश करने के लिए खुद की फिल्म बनाने के लिए स्वतंत्र हैं।

तत्काल सुनवाई पर कोर्ट के सवाल

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने इस याचिका पर जल्द सुनवाई की जरूरत पर सवाल उठाए। बेंच ने कहा कि फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं।

याचिकाकर्ता के वकील ने बेंच को बताया कि यह याचिका 23 नवंबर को दर्ज की गई थी, लेकिन अभी तक इसे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया गया है। इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है। जिन्हें इसे देखना था, वे देख चुके हैं।

कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए

याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने रामायण के चित्रण में कई पौराणिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की है।

सुनवाई के दौरान जब वकील ने दलील दी कि फिल्म में कई तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, तो जस्टिस बागची ने जवाब दिया कि उन्होंने अपनी समझ के हिसाब से फिल्म बनाई है, आप अपनी समझ के हिसाब से फिल्म बना लीजिए। कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए।

चीफ जस्टिस ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा की अगर महाकाव्य को लेकर आपका कोई अलग विचार या नजरिया है, तो आप उस पर फिल्म बनाइए। कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए।

वकील द्वारा जल्द सुनवाई के लिए बार-बार आग्रह करने पर बेंच ने स्पष्ट किया कि इस मामले को सामान्य प्रक्रिया के तहत तय समय पर ही सूचीबद्ध किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!