सीएम जनदर्शन में पहुंचे 2000 लोग, 3 घंटे तक सीएम ने सुनी आम जनता की शिकायतें

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज जनदर्शन का आयोजन किया गया. प्रदेशभर से पहुंचे लोगों ने आर्थिक सहायता, निर्माण कार्य, जमीन विवाद सहित अलग-अलग समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने रखा. मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं आत्मीयता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए.

लंबे अंतराल के बाद हो रहे जनदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि 2 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें आर्थिक सहयोग, निर्माण कार्य और भूमि विवाद जैसे मामले शामिल हैं. जनदर्शन में जरूरतमंदों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई, वहीं श्रवण संबंधी समस्या से जूझ रहे लोगों को श्रवण यंत्र दिए गए.

जनदर्शन में कोरबा के 83 वर्षीय परसराम राठौर को तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया. करीब 30 साल से सुनने की समस्या से जूझ रहे बुजुर्ग ने राहत मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया. वहीं भाटापारा के बलवंत यादव को भी श्रवण यंत्र दिया गया और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए गए.

इसके अलावा रायपुर के छह वर्षीय छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए सहायता की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. जनदर्शन में पहुंचे अन्य आवेदकों की समस्याओं पर भी कार्रवाई और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया. लंबे अंतराल के बाद हो रहे जनदर्शन में अच्छी-खासी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!