अब सफर के दौरान विदेश में नहीं खरीदनी पड़ेगी लोकल SIM, WhatsApp ला रहा है eSIM फीचर, जानें कैसे करेगा काम

Technology Desk : विदेश यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब दूसरे देश में पहुंचते ही इंटरनेट चलाने के लिए लोकल SIM कार्ड खरीदने या महंगे इंटरनेशनल रोमिंग प्लान का रिचार्ज कराने की झंझट खत्म हो सकती है। दरअसल, WhatsApp एक ऐसे नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स सीधे ऐप के अंदर से ही इंटरनेट डेटा खरीद सकेंगे। यानी जिस ऐप से आप दोस्तों और परिवार से बात करते हैं, उसी से इंटरनेट डेटा भी खरीद पाएंगे। इस फीचर का नाम Built-in eSIM Data Plans बताया जा रहा है।

WhatsApp में मिलेगा Built-in eSIM Data Plans फीचर

WhatsApp के अपकमिंग फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अपने ऐप में बिल्ट-इन eSIM डेटा प्लान्स की सुविधा जोड़ने की तैयारी कर रही है। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स WhatsApp के अंदर से ही अलग-अलग देशों के लिए डेटा प्लान खरीद सकेंगे।

खास बात यह है कि इसके लिए बार-बार लोकल SIM कार्ड बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विदेश यात्रा के दौरान यूजर्स eSIM डेटा प्लान की मदद से इंटरनेट कनेक्टिविटी बनाए रख सकेंगे और WhatsApp के जरिए अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और ऑफिस के सहकर्मियों से जुड़े रह सकेंगे।

1Global के साथ पार्टनरशिप कर सकता है WhatsApp

रिपोर्ट के अनुसार, इस फीचर के लिए WhatsApp 1Global के साथ पार्टनरशिप कर सकता है। 1Global एक टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो eSIM टेक्नोलॉजी, कनेक्टिविटी और IoT से जुड़े सॉल्यूशन पर काम करती है। बताया जा रहा है कि यूजर्स अपनी यात्रा के देश के हिसाब से डेटा प्लान चुन सकेंगे। WABetaInfo की ओर से शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में भारत और अमेरिका समेत कई देशों के विकल्प दिखाई दिए हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि WhatsApp से खरीदे गए eSIM डेटा का इस्तेमाल सिर्फ मैसेजिंग ऐप के लिए होगा या यूजर्स दूसरे ऐप्स में भी इंटरनेट चला सकेंगे।

WhatsApp का eSIM फीचर कब होगा लॉन्च?

WhatsApp के इस नए फीचर को Android के बीटा वर्जन 2.26.47.4 में स्पॉट किया गया है। फिलहाल कंपनी इसकी टेस्टिंग कर रही है। हालांकि, WhatsApp ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि इस फीचर को आम यूजर्स के लिए कब तक जारी किया जाएगा। ऐसे में फिलहाल यूजर्स को इसके स्टेबल वर्जन में आने का इंतजार करना होगा।

eSIM क्या होता है और कैसे करता है काम?

eSIM यानी Embedded SIM एक डिजिटल SIM होती है, जो स्मार्टफोन में पहले से मौजूद एक चिप के जरिए काम करती है। इसमें फिजिकल SIM कार्ड लगाने की जरूरत नहीं होती। यूजर्स QR कोड स्कैन करके या ऑपरेटर की ओर से दिए गए लिंक और निर्देशों के जरिए eSIM एक्टिवेट कर सकते हैं। भारत में Reliance Jio और Airtel जैसी टेलीकॉम कंपनियां भी eSIM की सुविधा देती हैं। eSIM पर सामान्य प्रीपेड और पोस्टपेड मोबाइल प्लान इस्तेमाल किए जा सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि eSIM की सुविधा केवल उन्हीं स्मार्टफोन में काम करती है, जिनमें eSIM सपोर्ट मौजूद होता है।

विदेश यात्रा करने वालों को होगा फायदा

WhatsApp का यह फीचर लॉन्च होता है तो विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए इंटरनेट इस्तेमाल करना आसान हो सकता है। उन्हें हर नए देश में लोकल SIM खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, डेटा प्लान की कीमत, उपलब्ध देशों और दूसरे ऐप्स में डेटा इस्तेमाल करने जैसी जानकारियां सामने आना अभी बाकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!