राजधानी में नाबालिक से दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप, NIT पासआउट युवक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) से पढ़ाई पूरी कर चुके राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराने का आरोप है। आरोपी की पहचान राजस्थान के दौसा निवासी हिमांशु जाटव के रूप में हुई है। पूरा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिमांशु जाटव NIT में पढ़ाई के दौरान रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान नाबालिग छात्रा से हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।

गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर दिल्ली से पहुंचा रायपुर

पुलिस के मुताबिक, पढ़ाई पूरी होने के बाद हिमांशु रायपुर छोड़कर दिल्ली चला गया था। कुछ समय बाद नाबालिग ने उसे फोन कर गर्भवती होने की जानकारी दी। यह सुनकर आरोपी दिल्ली से रायपुर पहुंचा और कथित तौर पर छात्रा का गर्भपात करा दिया। जब इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पीड़िता के परिजनों को हुई, तो उन्होंने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

POCSO एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार

परिजनों की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस गर्भपात कराने की जगह और इस पूरे घटनाक्रम में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!