तिहाड़ जेल की सुरक्षा में सेंध! जेल नंबर-1 से 11 किलो तंबाकू बरामद…

देश की सबसे सुरक्षित और बड़ी जेलों में शुमार तिहाड़ जेल (Tihad Jail) एक बार फिर सुर्खियों में है। जेल के इतिहास में पहली बार एक साथ 11 किलो तंबाकू बरामद होने का मामला सामने आया है। यह बरामदगी जेल नंबर-1 में हुई है, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में जेल के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। ऐसे में अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू जेल के अंदर कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

जेल प्रशासन के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू जेल के भीतर कैसे पहुंचा और इसे किसके लिए लाया गया था। मामले की जांच में अब उगाही (एक्सटॉर्शन) और जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान की तस्करी (स्मगलिंग) के एंगल को भी शामिल किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में जेल के अंदर और बाहर सक्रिय कुछ लोग शामिल हो सकते हैं।

जेल नंबर-1 में बंद हैं विचाराधीन कैदी और बड़े गैंगस्टर

मालूम हो कि तिहाड़ की जेल नंबर-1 में ज्यादातर विचाराधीन कैदी बंद हैं। इसके अलावा कई बड़े गैंगस्टर भी इसी जेल में बंद बताए जाते हैं। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू की बरामदगी को जेल की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर मामला माना जा रहा है। जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि तंबाकू जेल के भीतर किन रास्तों से पहुंचा और इसका इस्तेमाल या वितरण किन कैदियों के बीच किया जाना था। सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में जेलकर्मियों की भूमिका को भी शामिल किया गया है।

पहला मामला नहीं, लेकिन इतनी बड़ी खेप ने बढ़ाई चिंता

तिहाड़ की जेलों में तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामान की बरामदगी पहले भी होती रही है, लेकिन एक साथ 11 किलो तंबाकू की इतनी बड़ी खेप मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार बरामद तंबाकू अलग-अलग पैकेट में रखा गया था। बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा पैकेट में तंबाकू भरा हुआ था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू जेल के भीतर कौन लेकर आया? क्या इन पैकेटों को एक-एक करके जेल के अंदर पहुंचाया गया या फिर पूरी खेप एक साथ लाई गई? इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामान का सुरक्षा जांच और निगरानी से बचकर जेल के भीतर पहुंचना भी कई सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!