सरगुजा। जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथी का नन्हा शावक गड्ढे में गिर गया। शावक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग की टीम को करीब 3 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर शावक को हाथियों के झुंड से दोबारा मिला दिया। इसके बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली।
हाथियों के झुंड को हटाने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू
जानकारी के मुताबिक, नन्हा शावक उदयपुर इलाके में घूम रहे हाथियों के झुंड के साथ था। इसी दौरान वह एक गड्ढे में गिर गया। शावक के पास ही हाथियों का पूरा झुंड मौजूद था, जिसके चलते रेस्क्यू करना बेहद चुनौतीपूर्ण और खतरनाक हो गया था।
वन विभाग की टीम ने लगातार करीब 3 घंटे तक प्रयास किया और आखिरकार नन्हे शावक को गड्ढे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद शावक को उसके झुंड में दोबारा शामिल करा दिया गया। पूरी रेस्क्यू कार्रवाई ड्रोन कैमरे में कैद हुई है।

