सर्दियों में मीठी-क्रंची क्रेविंग का देसी जुगाड़! गुड़ और घी से बनाएं ये 4 मजेदार स्नैक्स, मिनटों में हो जाएंगे तैयार

लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दियों में गुड़ का सेवन शरीर को गर्माहट देने में मदद करता है। इसकी गर्म तासीर जहां खांसी-जुकाम से शरीर की रक्षा करती है, तो वहीं गुड़ में कुछ ऐसे एंजाइम होते हैं जो पाचन को बेहतर रखने में भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा, कई फूड्स के साथ गुड़ खाने से आयरन लेवल भी मेंटेन किया जा सकता है। ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि इस विंटर सीजन आप गुड़ को कैसे अपने स्नैक टाइम का हिस्सा बना सकता हैं।

गुड़ से झटपट बन जाएंगे ये स्नैक्स

इस बार सर्दियों में मूंगफली, गुड़पट्टी, गजक जैसे पारंपरिक स्नैक्स की जगह अपने खाने में ये झटपट बन जाने वाले स्नैक्स शामिल करें:

गुड़ कैरेमल मखाना

एक कड़ाही में घी या तेल डालकर गर्म होने दें, इसके बाद मखाने के अनुसार गुड़ डालकर पिघल जाने देना है। दूसरी तरफ पैन में मखाना भूनकर तैयार कर लें। जब गुड़ पिघल जाए तो उसमें रोस्टेड मखाना अच्छे से मिक्स कर लेना है। स्वाद के डबल डोज के लिए  इसमें 1 चम्मच इलायची पाउडर भी मिलाएं।

गुड़ कैरेमल रोस्टेड चने

बाजार से 100 ग्राम रोस्टेड चने लाकर उसे एक बार और कड़ाही में ड्राई रोस्ट कर लें। इसके बाद इसी कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच देसी घी या तेल डालकर गर्म करें। अगले स्टेप में गुड़ डालकर पिघलाएं और फिर चने भी मिक्स कर लें। इस तरह झटपट तैयार है आपके स्नैक टाइम के लिए गुड़ कैरेमल रोस्टेड चने।

गुड़ कैरेमल पीनट्स

कच्ची मूंगफलियों को पहले कड़ाही में अच्छे से भून लेना है। इन्हें प्लेट में अगर निकालकर उसी में घी और गुड़ डालें। जब गुड़ मेल्ट हो जाए तो उसमें रोस्टेड पीनट्स भी मिलाएं। इसका स्वाद गुड़पट्टी से थोड़ा अलग चाहते हैं तो फ्लेवर के लिए इलायची पाउडर मिलाएं। इसके अलावा, आप गुड़ के पाउडर को भी घी में भुनी हुई मूंगफली में मिला सकते हैं।

गुड़ बेसन खस्ता सेव

एक पैन में गुड़ डालकर गर्म होने दें, जब ये पिघल जाए तो इसे अलग बर्तन में निकालकर ठंडा होने के लिए रख देना है। अब एक कटोरी लेकर उसमें 2-3 बड़े चम्मच बेसन, स्वादानुसार नमक और अजवाइन मिलाएं। इसमें गुड़ की चाशनी मिलाकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें। इसे सेव की मशीन में भरकर गोल-गोल घुमाते हुए डीप फ्राई कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!