राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को लोकसभा से ‘परिसीमन (सेकंड) विधेयक, 2026’ पर विचार करने की सिफारिश की है. यह कदम 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक होने वाले लोकसभा के विशेष सत्र से ठीक पहले उठाया गया है. केंद्रीय मंत्रिमंडल से शुक्रवार को मंजूरी मिलने के बाद यह बिल विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किया जाना है. इसके मुताबिक, हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों के साथ-साथ विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है.
इस कड़ी में एक अन्य बिल संविधान (132वां संशोधन) विधेयक भी पेश किया जाना है, जिसमें कहा गया है कि 2051 तक लोकसभा में हर राज्य की हिस्सेदारी पहले जैसी ही बनी रहेगी. दोनों विधेयक सोमवार से शुरू हो रहे चार दिवसीय विशेष सत्र में लोकसभा में लाए जाने हैं. परिसीमन के बाद लोकसभा में कुल सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक पहुंच जाएगी, जिनमें 815 सीटें राज्यों से और 35 केंद्र शासित प्रदेशों से होंगी.
आर्टिकल 117(3) क्या है?
राष्ट्रपति ने यह सिफारिश संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत दी है, जो वित्त विधेयकों से जुड़े विशेष प्रावधानों से संबंधित है. ‘बार एंड बेंच’ के मुताबिक, अनुच्छेद 117(3) ऐसे विधेयक से जुड़ा है जिसके लागू होने पर भारत की संचित निधि (Consolidated Fund of India) से खर्च होगा. नियमों के अनुसार, जब तक राष्ट्रपति इस पर विचार करने की सिफारिश न करें, तब तक संसद का कोई भी सदन ऐसे विधेयक को पारित नहीं कर सकता.
परिसीमन बिलों की खास बातें
प्रस्तावित बिलों के तहत 1976 से चली आ रही 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की लोकसभा सीट हिस्सेदारी का ढांचा बरकरार रहेगा, लेकिन हर राज्य की लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी इजाफा होगा. संशोधन लागू होने पर हर राज्य के चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं उस समय उपलब्ध नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर दोबारा तय की जाएंगी.
फिलहाल चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं 2001 की जनगणना पर आधारित हैं. चूंकि 2027 की जनगणना की प्रक्रिया अभी जारी है, इसलिए संशोधन लागू होने और परिसीमन की प्रक्रिया शुरू होने पर 2011 की जनगणना को सीमाएं तय करने का आधार बनाए जाने की संभावना है. इसके बाद सीटों की संख्या और सीमाएं 2051 तक स्थिर रहेंगी, जबकि मौजूदा रोक 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के साथ समाप्त होनी थी.

