अफगानिस्तान में स्कूल के पास धमाका, 6 छात्रों की मौत और 97 घायल…

Afghanistan Blast News: अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास हुए भीषण धमाके से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 6 बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल धमाके की आधिकारिक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

स्कूल के पास घर में हुआ जोरदार विस्फोट

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, कुनार प्रांत के सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक मौलवी समी-उल-हक ने बताया कि धमाका स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे कुनार के सेर इलाके में हुआ। विस्फोट एक माध्यमिक स्कूल के बगल में स्थित घर में हुआ।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

खनन में इस्तेमाल होने वाले डायनामाइट से धमाके की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाके की वजह खनन कार्य में इस्तेमाल होने वाले डायनामाइट का असुरक्षित तरीके से रखा जाना हो सकता है। बताया जा रहा है कि जिस घर में विस्फोट हुआ, वहां खनन का काम करने वाले मजदूर रहते थे।

हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक विस्फोट के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अगस्त में भी स्कूल परिसर में हुआ था धमाका

गौरतलब है कि इससे पहले 17 अगस्त को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ था। इस घटना में 9 से 14 साल की उम्र के 42 बच्चे घायल हो गए थे। धमाके के समय बच्चे स्कूल से घर जाने की तैयारी कर रहे थे।

बता दें कि कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है और यहां लंबे समय से सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर अफगानिस्तान में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!