राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर बीजेपी ने साधा निशाना, बोले- देश की छवि करना चाहते हैं खराब, कांग्रेस ने दिया जवाब

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राहुल विदेश की धरती पर भारत सरकार के खिलाफ गलत बयान दे रहे हैं। भारत के लिए ऐसी बातें कहना लोकतंत्र का अपमान है। अग्रवाल ने कहा कि राहुल उस सरकार के बारे में बयान दे रहे हैं, जिसे देश की जनता ने बहुमत दिया है। जिसे चार राज्यों में हुए चुनाव में जनता ने स्वीकार किया है, जबकि कांग्रेस को हर जगह नकार दिया गया।

बता दें कि पिछले दिनों लंदन केकैंब्रिज विश्वविद्यालय में आइडियाज फार इंडिया कार्यक्रम में राहुल ने कहा था कि भाजपा ने पूरे देश में केरोसीन छिड़क दिया है। एक चिंगारी से आग भड़क सकती है। देश में हालात ठीक नहीं हैं। पीएम मोदी किसी की नहीं सुनते हैं। देश में लोगों की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।

अग्रवाल ने कहा कि पूरे देश और दुनिया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कामों की खुशबू फैल रही है। आम आदमी के लिए बेहतरीन योजनाएं लाकर भाजपा की केंद्र सरकार सुगंध फैलाने का काम कर रही है और कांग्रेस अपने आप में एक सड़ांध है। राहुल की देश में कोई नहीं सुनता, इसलिए वह विदेश जाकर इस तरह की बातें करते हैं। राहुल ने कहा कि चीनी सेना लद्दाख में घुस चुकी है। अग्रवाल ने कहा कि पूरे विश्व में पीएम मोदी की तारीफ हो रही है, वहीं राहुल देश की छवि को खराब करना चाहते हैं।

राहुल के सवालों का जवाब देने की भाजपा नेताओं में क्षमता नहीं: कांग्रेस

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर भाजपा नेताओं के आरोप पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की इतनी बौद्धिक क्षमता नहीं है कि राहुल के सवालों का जवाब दे सकें। भाजपा नेताओं की हरकतों को देश देख रहा है।

मरकाम ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद देश में एक नई प्रजाति उत्पन्न् हो गई है, जो सरकार की नाकामी पर सवाल उठाने वालों को देशद्रोही, देश विरोधी कहकर ट्रोल करती है। बृजमोहन जैसे नेता पीएम मोदी की चाटुकारिता में देश हित में उठाए गए मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

मरकाम ने चुनौती दी कि भाजपा में साहस है तो राहुल गांधी के सवालों को झुठलाएं। राहुल ने देश की बेरोजगारी, महंगाई, राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मसलों को उठाया है। उनकी चिंता में भाजपा और मोदी सरकार की असफलता उजागर हो रही है। पीएम मोदी को इसका जवाब देश की जनता को देना चाहिए।

 

error: Content is protected !!