छत्तीसगढ़ में सरकार के संरक्षण में चल रहा धर्मान्तरण का खुला खेल

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव एवं महामंत्री विजय शर्मा की संयुक्त प्रेस वार्ता

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। केंद्र सहित राज्यों में वर्ष 2000 के पहले ज्यादातर कांग्रेस की ही सरकारें रहीं हैं। उस दौरान छत्तीसगढ़ का बहुत शोषण हुआ। अब जब छत्तीसगढ़ में झूठे वायदों का घोषणापत्र जारी करके भूपेश बघेल के नेतृत्व में फिर कांग्रेस की सरकार बनी है तो प्रदेश में इसी सरकार के संरक्षण में धर्मान्तरण का खुला खेल चल रहा है। इससे छत्तीसगढ़ में विशेष करके आदिवासी समाज बौखलाया हुआ है। यह बातें जिले के सोमनी स्थित एक बड़े होटल में आयोजित प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरूण साव ने कही। प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी उनके साथ थे।

ज्ञात हो कि इस बैठक में क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे,पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व मंत्री नीलू शर्मा सहित प्रदेश स्तर के कई स्थानीय पदाधिकारी भी मेजबानी करते दिखे। आज दोपहर आयोजित पत्रकार वार्ता में अरूण साव ने कहा कि आज व कल की इस बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने 165 शक्ति केंद्रों में बैठक करने का निर्णय लिया है। कल शक्ति केंद्रों में जाकर बैठक करके आये हैं। हम नया प्रयोग कर रहे हैं। परीक्षा सामने है,विद्यार्थियों के तनाव को कम करना है। 9 से 12 जनवरी तक प्रयोग करेंगेें। प्रधानमंत्री ने परीक्षा पर चर्चा का अभियान प्रारंभ किया है। वे स्वयं 27 जनवरी को विद्यार्थियों से बात करेंगे। उन्हें तनाव से मुक्ति दिलायेंगे। भारत को जी-20 की बैठक का सुअवसर मिला है। पहले देश की राजधानी के इर्द-गिर्द ही इस तरह की बैठकें हुआ करती थीं। अब इस देश की सभी राज्यों में हरेक में कुछ न कुछ बात होनी है। छत्तीसगढ़ भी इससे जुड़ा है। जी-20 की बैठक से छत्तीसगढ़ की संस्कृति-सभ्यता को, ’’छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’’ संदेश को विश्वस्तर तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा। 15-1़6 जनवरी को जी-20 को लेकर लोगों में प्रदर्शित करने का बड़ा अभियान चलेगा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री साव ने कहा आगे कहा कि छत्तीसगढ़ जिस विषय को लेकर उबल रहा है,विशेषकर आदिवासी समाज,वह विषय धर्मांतरण का है। उन्होंने नारायणपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 60 शिकायतों के बाद भी प्रदेश सरकार ने कुछ नहीं किया। एस पी, कमिश्नर लिखकर देते हैं कि धर्मांतरण हो रहा है फिर भी कुछ नहीं किया जाता। खुद राज्य सरकार ही धर्मांतरण को संरक्षण दे रही है। श्री साव ने प्रदेश में पिछले 15 साल तक भाजपा शासनकाल की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इस राज्य का निर्माण भी अटल बिहारी बाजपेयी की देन है वर्ना तो कांग्रेस शासन का चाहे तो केंद्र में रहा तो चाहे राज्य में,इस छत्तीसगढ़ का शोषण ही होता रहा है। न छत्तीसगढ़ का शोषण बर्दाश्त होगा, न ही यहां की संस्कृति व सभ्यता पर चोट बर्दाश्त की जायेगी।। उन्होंने प्रदेश भाजपा की चुनावी रणनीति पर भी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ स्तर पर स्वयं को मजबूत रखती है और रखती रहेगी। उन्होंने पिछले बड़े आंदोलनों का भी जिक्र किया। पूर्ण शराबबंदी के प्रश्न पर कहा कि कांग्रेस ने इसे लेकर वादा किया था अब जनता के पास उनसे जवाब मांगने का समय है।

error: Content is protected !!