जंगल से शहर आई चीतल पर कुत्तों ने किया हमला, बुरी तरह हुई घायल, इलाज से पहले ही तोड़ा दम

बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा में कुत्तों के हमले से घायल एक गर्भवती चीतल की मौत हो गई. दो वर्षीय चीतल जंगल से जान बचाकर शहर पहुंची थी. वह बीएसपी अस्पताल के पास घायल अवस्था में मिली. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.

जानकारी के अनुसार, रविवार को चीतल शहर की ओर आ गई थी. जहां आवारा कुत्तों की झुंड ने उसे घेर कर लिया, जिसके बाद चीतल ने भागना का प्रयास किया. इस दौरान किसी तरह वह दल्लीराजहरा स्थित बीएसपी मुख्य अस्पताल परिसर के पास पहुंची. कुत्तों के हमले में चीतल के पिछले पैरों में गंभीर चोटें आई. लहूलुहान होकर वहीं गिर गई.

लोगों ने उसे घायल हालत में देखकर वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चीतल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, उसे बचाया नहीं जा सका. बाद में वन विभाग की टीम ने मृत चीतल का नियमानुसार अंतिम संस्कार करवाया.

वन्यजीव संरक्षण को लेकर बढ़ी चिंता

बताया जा रहा है कि मृत चीतल गर्भवती थी. ऐसे में कुत्तों के हमले में घायल होने के बाद उसकी मौत से वन्यजीव संरक्षण को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!