राजनांदगांव/ डोंगरगढ़ (दैनिक पहुना)। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से कुल 36 लाख 70 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी (37) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ कंपनी में निवेश के नाम पर दोनों प्रार्थियाओं से कुल 82 लाख 50 हजार रुपए लिए थे, जिसमें से करीब 45 लाख 80 हजार रुपए वापस किए गए, जबकि 36 लाख 70 हजार रुपए लौटाए नहीं गए। पुलिस के मुताबिक, पहली शिकायत वार्ड क्रमांक 21 रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ निवासी प्रतिमा पाल ने दर्ज कराई। आरोपी ने निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच ऑनलाइन एवं नगद माध्यम से उनसे 27 लाख 50 हजार रुपए लिए। इसमें से करीब 19 लाख रुपए वापस किए गए, लेकिन 8 लाख 50 हजार रुपए नहीं लौटाए गए।
इसी तरह न्यू सब्जी मंडी, डोंगरगढ़ निवासी नमिता चौबे से आरोपी ने 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच कुल 55 लाख रुपए लिए। इसमें से करीब 26 लाख 80 हजार रुपए लौटाए गए, जबकि 28 लाख 20 हजार रुपए बकाया रह गए। बार-बार मांगने के बावजूद राशि वापस नहीं करने पर शिकायत दर्ज कराई गई।
दोनों मामलों में थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 413/2026 एवं 414/2026 के तहत धारा 318(4), 238 बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल द्वारा की गई।

