मकान की नींव की खुदाई में मिलीं प्राचीन मूर्तियां और ब्रिटिशकालीन सिक्के, पुरातत्व विभाग करेगा जांच

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम परसाही बाना में मकान निर्माण के दौरान खुदाई में कुछ प्राचीन मूर्तियां और सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। इनमें एक सिक्के पर “ONE ANNA”, “EAST INDIA COMPANY” और 1818 अंकित होने की बात सामने आई है। वस्तुएं मिलने की खबर के बाद गांव में इसकी चर्चा शुरू हो गई। सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वस्तुओं को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने अब इन मूर्तियों और सिक्कों की वास्तविकता तथा ऐतिहासिक महत्व की जांच के लिए पुरातत्व विभाग को पत्र लिखा है। विभाग के विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मूर्तियां किस धातु की हैं और सिक्के वास्तव में किस दौर के हैं।

मकान की नींव के लिए हो रही थी खुदाई

जानकारी के अनुसार, ग्राम परसाही बाना निवासी सम्पत कंवर अपने घर में निर्माण कार्य करा रहे थे। मकान की नींव के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सम्पत कंवर ने गांव में बताया कि उन्हें सपना आया था, जिसमें घर की नींव के नीचे सोने की मूर्तियां और पुराने सिक्के दबे होने की बात सामने आई थी।

इसके बाद उन्होंने गांव के एक बैगा को बुलाया। बताया जा रहा है कि बैगा ने पूजा-पाठ करने के बाद खुदाई कराई। इसी दौरान कुछ मूर्तियां और पुराने सिक्के मिलने की बात सामने आई।

मूर्तियों को लेकर सम्पत और बैगा में विवाद

मूर्तियां मिलने के बाद बैगा को आशंका हुई कि ये सोने की हो सकती हैं और इनकी कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है। इसी बात को लेकर मूर्तियों को अपने पास रखने के संबंध में सम्पत कंवर और बैगा के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

सम्पत कंवर का कहना था कि मूर्तियां उनके घर की जमीन से निकली हैं, इसलिए वे इन्हें अपने पास रखेंगे। दूसरी ओर बैगा भी मूर्तियां लेने की बात पर अड़ा रहा। विवाद बढ़ने के बाद सम्पत कंवर ने मामले की सूचना अकलतरा पुलिस को दी।

सिक्के पर लिखा है ‘EAST INDIA COMPANY’ और 1818

पुलिस के कब्जे में आई वस्तुओं में कुछ पुराने सिक्के भी बताए जा रहे हैं। इनमें एक सिक्के पर “ONE ANNA” और “EAST INDIA COMPANY” लिखा होने की जानकारी सामने आई है। सिक्के पर 1818 अंकित होने की बात भी कही जा रही है। इसी आधार पर इन्हें ब्रिटिशकालीन सिक्के होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि मूर्तियां वास्तव में सोने की हैं या किसी अन्य धातु से बनी हुई हैं। इसी तरह सिक्के किस धातु के हैं और उनका वास्तविक ऐतिहासिक महत्व क्या है, यह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

पुरातत्व विभाग की जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

अकलतरा थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने बताया कि सम्पत कंवर के घर से मिली मूर्तियों और अन्य वस्तुओं को पुलिस ने सुरक्षित अपने कब्जे में रखा है। मामले की जांच के लिए पुरातत्व विभाग को पत्र लिखा गया है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पुरातत्व विभाग के विशेषज्ञ जांच के बाद ही यह स्पष्ट कर पाएंगे कि मूर्तियां किस धातु की हैं, कितनी पुरानी हैं और उनका कोई ऐतिहासिक महत्व है या नहीं। इसी तरह सिक्कों की जांच से उनके वास्तविक समय और ऐतिहासिक महत्व का भी पता चलेगा।

फिलहाल पुलिस ने मिली सभी वस्तुओं को सुरक्षित रखा है। अब पुरातत्व विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मकान की नींव की खुदाई से मिली ये वस्तुएं वास्तव में कितनी पुरानी और महत्वपूर्ण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!