एटीएम में हथौड़ा-छेनी से तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव/डोंगरगढ़। कचहरी चौक स्थित एसबीआई एटीएम में घुसकर हथौड़ा और छेनी से तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एटीएम मशीन के मॉनिटर, शटर बॉक्स और कैमरा को क्षतिग्रस्त कर करीब एक लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, एसबीआई एटीएम के सुपरवाइजर उत्तम कुमार खां ने थाना डोंगरगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात्रि के समय एक व्यक्ति कचहरी चौक के पास खैरागढ़ रोड स्थित एटीएम कक्ष में घुसा और हथौड़ा व छेनी से एटीएम मशीन के मॉनिटर, शटर बॉक्स तथा कैमरे में तोड़फोड़ करने लगा। आरोपी ने चोरी की नीयत से एटीएम को नुकसान पहुंचाकर रकम निकालने का प्रयास किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत धारा 305(ई), 62 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की पहचान रेवाराम वर्मा (41), पिता सियाराम वर्मा, निवासी अण्डी सोरीटोला, वार्ड नंबर 01, थाना बोरतलाव, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को 15 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!