छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान पर भूपेश बघेल का भाजपा पर कड़ा प्रहार, बोले- इन्हें छत्तीसगढ़ से नहीं, यहां की खदानों से है मतलब

रायपुर। रामलीला मैदान में दो दिनों तक चले प्रदर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर लौट आए हैं। रायपुर पहुंचने पर उन्होंने रामलीला मैदान में हुए प्रदर्शन, महादेव सट्टा ऐप मामले, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे और राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान को लेकर अपना बयान दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।

रामलीला मैदान की रैली को बताया ऐतिहासिक

भूपेश बघेल ने कहा कि लगातार दो दिनों तक रामलीला मैदान में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ, जिसे पूरे देश ने देखा। रविवार की जो रैली थी, वह ऐतिहासिक थी। 1974 और 1994 में जो रैलियां हुई थीं, यह उनसे भी बड़ी रैली थी। निश्चित रूप से देश से लाखों लोग वहां पहुंचे। सबने वहां ललकारा है। खासकर राहुल गांधी ने जो बात कही है, वह बहुत ही स्पष्ट है और सीधे चुनौती है। ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं। आपने देश की आत्मा को चोट पहुंचाई है, इसकी सजा तो आपको मिलेगी ही। उनको तो इस्तीफा देना ही पड़ेगा। उसके बाद उनके आका के सामने खड़े होंगे।

उन्होंने कहा कि मीडिया ने खबर चलाई कि दिल्ली में बारिश हुई है, तो मैदान में कीचड़ हो गया। उस हिस्से में कीचड़ था, उस कीचड़ के ऊपर कौन खड़ा रहेगा? जो हिस्सा कीचड़ की वजह से खाली था, उसी की फोटो लेकर वायरल की गई और कह रहे हैं कि देखो, भीड़ नहीं आई है। प्रदर्शन किस मुद्दे को लेकर था, वहां क्या चर्चा हुई, इसकी खबर बननी चाहिए थी और आप बात कर रहे हैं कि भीड़ नहीं आई है, मैदान खाली है। जिन लोगों को खाली जगह दिखाने के लिए पैसा मिला है, वे खाली कुर्सियां दिखा रहे थे।

भूपेश बघेल ने कहा कि देश के सामने यह है कि 13 करोड़ लोगों के नाम काट दिए गए। यह आंकड़ा सिर्फ छह राज्यों का है। 15 प्रतिशत लोगों के नाम काट दिए गए हैं। जब देश की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, वैसे में मतदाता कैसे नहीं बढ़ेंगे? यहां तो घट रहे हैं।

महादेव सट्टा ऐप मामले में जांच पर उठाए सवाल

सौरभ चंद्राकर की रिमांड को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जांच होगी, पन्ने खुलेंगे तो बिल्कुल हीरेंद्र जोशी तक यह मामला जाएगा। हमारे शासनकाल में 2022 में एक नहीं, 72 एफआईआर दर्ज की गई थीं। हमारी सरकार में ही गृह मंत्रालय को पत्र लिखा गया था कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल की लुकआउट सर्कुलर जारी किया जाए।

उन्होंने कहा कि ईडी ने यह कार्रवाई की है। एयरपोर्ट से आते समय उसके सामने कोई होटल है। उसमें करीब तीन करोड़ रुपये पकड़ा गया। एक शुभम सोनी है, जिसका वीडियो ईडी ने हासिल किया और जारी बीजेपी कार्यालय से किया गया। शुभम सोनी यह बोलता था कि मैं मालिक हूं, ये तो मेरे नौकर हैं। अब ये लोग कहते हैं कि ये प्रमोटर हैं। ईडी और सीबीआई को यह बताना चाहिए कि मालिक कौन है? शुभम सोनी है, जिसका वीडियो आपने रिलीज किया, या फिर सौरभ चंद्राकर है? एजेंसियां तो वही करेंगी, जो सरकार चाहेगी। लेकिन हमें न्यायालय में पूरा भरोसा है।

अमित शाह के दौरे को लेकर भी कसा तंज

केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि सौरभ चंद्राकर को क्या केंद्रीय एजेंसी ने पकड़ा है? सौरभ चंद्राकर पहले से ओमान के जेल में था। आप प्रत्यर्पण के जरिए लेकर आए हो। आपने उसे खोजा नहीं, आप उसे पकड़कर नहीं लाए हो। वह पहले से ही जेल में था, वहां से उसे लेकर आए हैं।

छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान को लेकर सरकार पर हमला

राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की सरकार और भाजपा को छत्तीसगढ़ से कोई लेना-देना नहीं है। छत्तीसगढ़ियों से कोई प्रेम नहीं है, छत्तीसगढ़ से कोई प्रेम नहीं है। चुनाव के समय जब पीएम मोदी आए थे, तो छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो लगाई थी। आज उनकी सरकार बन गई है, तो छत्तीसगढ़ से कोई लेना-देना नहीं है। उनको तो यहां छत्तीसगढ़ की खदानों से मतलब है। सभी जानते हैं कि किसे दिया जा रहा है और क्या देने की सरकार की मंशा है।

राज्योत्सव में खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति पर साधा निशाना

रायपुर जिले के खाद्य शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की राज्योत्सव में अनिवार्य उपस्थिति के आदेश को लेकर भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि पूरी भाजपा, भाजपा नियंत्रित मीडिया और भक्तगण गिनती लगा लगाकर परेशान हो गए थे कि रामलीला मैदान में कितने लोग आए। अब इनको गृहमंत्री अमित शाह को भीड़ दिखानी है।

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि जब अपनी बारी आई तो सरकारी कर्मचारियों को इकट्ठा कर रहे हैं। सूचना है कि राशन दुकानदारों को भी अपने साथ दस दस लोगों को लेकर आने को कहा गया है। मालूम है कि जनता तो आने से रही। बेचारी भाजपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!