सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 426.71 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर नई दिल्ली में एकता दौड़ का आयोजन किया गया.
सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया. राष्ट्रपति, गृह मंत्री ने पटेल चौक पर पुष्पांजलि अर्पित की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें याद किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल को याद किया. उन्होंने कहा कि पटेल का त्याग और समर्पण विकसित तथा आत्मनिर्भर भारत बनाने की प्रेरणा देता है. उन्होंने लिखा, ‘उनकी जयंती पर अखंड भारत के शिल्पकार और राष्ट्र के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को सादर नमन. उन्होंने अपना जीवन एक मजबूत, समृद्ध और सक्षम भारत के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे.
‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि जब से प्रधानमंत्री मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, हम सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाते आ रहे हैं.
गृह मंत्री ने कहा, “आजादी के समय, दुनिया भर के राजनीतिक विशेषज्ञों ने भविष्यवाणी की थी कि भारत बिखर जाएगा. फिर भी, आजादी के बाद के 1,218 दिनों में सरदार पटेल ने वह कर दिखाया जिसे हर कोई असंभव मानता था.
सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

