रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद दर्दनाक और आक्रोशित कर देने वाली खबर सामने आई है। सैलाना थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य आदिवासी छात्रावास में 12वीं कक्षा की छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद छात्रावास परिसर से लेकर सड़क तक हड़कंप मच गया, जिसके बाद गुस्साए परिजनों और छात्रों ने रतलाम-सैलाना मुख्य मार्ग पर घंटों चक्काजाम किया।
आत्महत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, मृतका पर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर नकल करने का आरोप लगा, जिसके बाद वह परीक्षा कक्ष छोड़कर बाहर निकल गई थी। इसके बाद छात्रा ने छात्रावास के कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पिंकी आकाश, एसडीओपी और तहसीलदार मनीष जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इंदौर और देवास से परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम भेजा।
गुस्साए छात्रों और परिजनों का हंगामा
स्कूल परिसर में संतोषजनक सुनवाई न होने पर शाम करीब 7:30 बजे गुस्साए परिजनों और छात्रों ने रतलाम-सैलाना मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। देवास से पहुंचे परिजनों के समझाने के बावजूद आक्रोशित छात्र सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। पुलिस और प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद, रात करीब 9:50 बजे उचित जांच और कार्रवाई का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही चक्काजाम समाप्त हो सका।

