दो ट्रेलरों में भिड़ंत: एक चालक की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन…

कोरबा। कुसमुंडा खदान में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है, जहां दो ट्रेलर की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रेलर के केबिन में चालक फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

केबिन में फंसा रहा शव

मृतक चालक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। हादसे के बाद शव काफी देर तक वाहन के केबिन में फंसा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल वाहन नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार PKS कंपनी से जुड़े हैं। घटना के बाद खदान में कंपनी की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।

परिजनों ने की मुआवजा और नौकरी की मांग

हादसे के बाद मृतक के परिजनों और लोगों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए मुआवजा और नौकरी की मांग की। इससे खदान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!